लंबित आवेदनों की त्रुटियां दूर कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें : DC

सिमडेगा डीसी ने ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा की। लंबित आवेदनों की त्रुटियां दूर कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

सिमडेगा: उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के सफल व पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण व अनुमोदन समिति की बैठक हुई. बैठक में परियोजना निदेशक, आइटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एनआइसी के प्रतिनिधि तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर कुल 6,153 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था. इनमें से 5,584 आवेदनों को संबंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा स्वीकृत कर जिला स्तर पर भेजा गया. जिला कल्याण पदाधिकारी स्तर पर जांच के बाद 4,602 आवेदनों का सत्यापन व अनुमोदन किया गया.

स्वीकृत आवेदनों में अनुसूचित जाति के 223, अनुसूचित जनजाति के 3,296 तथा पिछड़ा वर्ग के 1,083 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. वहीं आय प्रमाण-पत्र, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, अंकपत्र, शुल्क रसीद समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों में त्रुटि के कारण 260 आवेदन लंबित रखे गए हैं, जबकि दो आवेदन अस्वीकृत किये गये.

समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि स्वीकृत 4,602 छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति राशि एसएनए खाते में उपलब्ध आवंटन से आधार-सक्षम पीएफएमएस के माध्यम से एचडीएफसी बैंक के जरिये सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जायेगी. साथ ही लंबित आवेदनों में आवश्यक त्रुटियों का शीघ्र निराकरण कर उन्हें अगली बैठक में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त कंचन सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों व शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति योजना का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >