पीएम राहत योजना व ई-डीएआर पोर्टल का दिया जा रहा प्रशिक्षण

सिमडेगा में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार और राहत देने के लिए पुलिस अधिकारियों को पीएम राहत योजना व ई-डीएआर पोर्टल का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सिमडेगा: सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है. एसपी के निर्देशन में मंगलवार से एसपी कार्यालय स्थित सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ. यह प्रशिक्षण 21 से 22 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है.

प्रशिक्षण का आयोजन पुलिस उप-महानिरीक्षक (सड़क सुरक्षा कोषांग), जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट के निर्देश पर किया गया है. इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराना तथा ई-डीएआर (इलेक्ट्रॉनिक विस्तृत दुर्घटना प्रतिवेदन) की समयबद्ध और त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित करना है.

कार्यक्रम में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित विभिन्न स्तर के अनुसंधान पदाधिकारियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण के दौरान जिला रोल आउट मैनेजर रोहित कुमार साव ने प्रतिभागियों को पीएम राहत योजना के उद्देश्य, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार की प्रक्रिया, ई-डीएआर पोर्टल पर दुर्घटना संबंधी सूचनाओं की समयबद्ध प्रविष्टि, आवश्यक दस्तावेजों के अपलोड, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय और दावा निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी.

प्रतिभागियों को बताया गया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-डीएआर की प्रविष्टि अनिवार्य है, ताकि पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ जल्द मिल सके. अनुसंधान पदाधिकारियों को पोर्टल के तकनीकी संचालन का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया.

प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क दुर्घटना के हर मामले में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए ई-डीएआर की शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित करें, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.

पुलिस विभाग के अनुसार, यह प्रशिक्षण सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और सड़क दुर्घटना मामलों के तकनीक आधारित, पारदर्शी निष्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >