सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब के गठन को लेकर बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती देने, ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से प्रत्येक गांव में सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब की स्थापना की जा रही है. जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने जानकारी दी कि सिमडेगा जिले के 451 राजस्व ग्रामों में क्लब गठन के लिए चयन किया गया है, जिनमें से अब तक 180 गांवों से आवेदन किया गया है. इनमें से 37 क्लबों का ई-निबंधन स्वीकृत हो चुका है. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी चयनित गांवों में समयबद्ध तरीके से क्लबों का गठन कर रिपोर्ट विभाग को भेजी जाये. जिन गांवों में क्लब का गठन हो चुका है, वहां स्थानीय स्तर पर सत्यापन कर निबंधन कार्य को सुनिश्चित किया जाये. उपायुक्त ने क्लब गठन में जेएसएलपीएस (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) की महिला समूहों की दीदियों की मदद लेने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इन्हीं महिलाओं के बच्चे इन क्लबों में शामिल होंगे, जिससे सामुदायिक भागीदारी और सहभागिता भी बढ़ेगी. बैठक में डीपीएम जेएसएलपीएस शांति मार्डी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।