सिमडेगा. भाजपा के नये जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए गुरुवार को जिला कार्यालय में रायशुमारी का आयोजन किया गया. मौके पर कार्यकर्ताओं ने नये जिलाध्यक्ष के लिए तीन-तीन नाम दिये. रायशुमारी से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाइक ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से सभी अपना वोट करें. हम सभी भाजपा परिवार के सदस्य हैं. नया जिलाध्यक्ष कोई भी बने, पार्टी हित में कार्य होना चाहिए. जिला चुनाव प्रभारी किसलय तिवारी ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि रायशुमारी के दौरान दिये गये नामों को प्रदेश को सौंप दिया जायेगा. प्रदेश द्वारा नये जिलाध्यक्ष की घोषणा की जायेगी. पर्यवेक्षक के रूप में आये प्रदेश प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में जिलाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया की जा रही है. चुनाव प्रक्रिया चलते रहेगी पर पार्टी का कार्य निरंतर चलता रहेगा. हम सभी को झारखंड की जनता को बताना है कि एसआइआर क्यों जरूरी है. मतदाता गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारी लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है. चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आये प्रदेश कार्य समिति सदस्य दिनेश कुमार ने कहा कि सिमडेगा की धरती धन्य है, जहां भगवान राम ने अपना समय व्यतीत किया है. इसलिए भाजपा कार्यकर्ता सभी भगवान राम के समान हैं. आनेवाले समय में जिलाध्यक्ष कोई भी बने पर हम सभी को मिल कर पार्टी की मजबूती के लिए काम करना है. ज्ञात हो कि भाजपा जिलाध्यक्ष की दौड़ में कुल 14 लोग मैदान में हैं. इसमें ओम प्रकाश साहू, दीपक पुरी, मुकेश श्रीवास्तव, रवि गुप्ता, तुलसी साहू, प्रणव कुमार, दुर्गविजय सिंह देव, संजय ठाकुर, अनूप केसरी, सत्यनारायण प्रसाद, दीप नारायण दास, रवि वर्मा, शंभु भगत, घनश्याम केसरी शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
