सिमडेगा: नीति आयोग के केंद्रीय जिला प्रभारी विजय रंजन ने गुरुवार को आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एडीपी) व आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (एबीपी) के तहत सिमडेगा के आकांक्षी प्रखंड बांसजोर का दौरा कर विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी भी मौजूद थे.
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व विद्यालय का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की. दौरे की शुरुआत गिनीकेरा आंगनबाड़ी केंद्र से हुई. यहां केंद्रीय प्रभारी ने बच्चों से संवाद किया और स्वयं उन्हें पूरक पोषण आहार परोसा.
उन्होंने पोषण ट्रैकर में दर्ज लाभार्थियों के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए समय पर और शत-प्रतिशत सही डेटा अपडेट करने का निर्देश दिया. उन्होंने एनक्यूएएस प्रमाणित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बोंगेरा का निरीक्षण किया. प्रसव कक्ष, ओपीडी, फार्मेसी समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने स्वच्छता व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की.
साथ ही राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को निरंतर बनाये रखने पर जोर दिया. एसएस प्लस टू उवि बांसजोर में विजय रंजन ने विद्यार्थियों व शिक्षकों से संवाद किया. विज्ञान प्रयोगशाला, आइसीटी लैब और व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशालाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने छात्रों को कौशल आधारित शिक्षा अपनाने तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा. दौरे के अंत में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न संकेतकों की समीक्षा की गयी.
केंद्रीय जिला प्रभारी ने बांसजोर प्रखंड में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए अधिकारियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति बनाये रखने का आह्वान किया.
