भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : सचिव

मंडल कारा का निरीक्षण कर कैदियों को दी जा रही सुविधाओं का लिया जायजा

सिमडेगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने शुक्रवार को मंडल कारा सिमडेगा का औचक निरीक्षण कर जेल में बंद कैदियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उनका विशेष फोकस बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर रहा. निरीक्षण में सचिव सीधे जेल के रसोई घर पहुंचीं, जहां उन्होंने भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से देखा. खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उसके भंडारण की व्यवस्था, रसोई घर की साफ-सफाई तथा भोजन पकाने में अपनायी जा रही सावधानियों की जांच की. इस दौरान उन्होंने स्वयं भोजन चख कर उसकी गुणवत्ता का आकलन किया और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया. इसके बाद मरियम हेमरोम ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से सीधे संवाद किया. उन्होंने भोजन की मात्रा, समय पर उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और दैनिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली. बंदियों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं और जेल में मिल रही सुविधाओं से संबंधित जानकारियां दी. सचिव ने जेल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि बंदियों को पौष्टिक भोजन निर्धारित समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी तथा तय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. मरियम हेमरोम ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों के लिए बेहतर और मानवीय वातावरण सुनिश्चित किया जाये. मौके पर सचिव के साथ असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल, जेल अधीक्षक अजय कुमार आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >