सिमडेगा. झारखंड विस सदन में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने अपने जिले और क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दे बालू को लेकर तारांकित प्रश्न के माध्यम से जानकारी मांगी. कहा कि सिमडेगा जिले में बालू को लेकर कोई भी विकासोन्मुख कार्य नहीं हो रहा है. सभी इंजीनियरिंग विभाग के संवेदक बालू के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं. अगर कोई संवेदक काम कर रहा है, तो चोरी-छिपे अन्य प्रदेशों से अधिक दाम देकर काम को संपादित कर रहा है. किंतु आमजन अपना घरेलू काम करने में सक्षम नहीं है. विधायक ने पूछा कि क्या यह बात सही है कि बालू को लघु खनिज से अपग्रेड किया गया है. क्या यह सही है कि राज्य को अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून 1996 के तहत बालू समेत सभी खनिजों का अधिकार ग्रामसभा को दिया गया है. यदि उत्तर स्वीकारात्मक है, तो क्या सरकार लघु खनिज में रखने या ग्राम सभा द्वारा लीज कराने का विचार रखती है, तो कब तकऔर नहीं तो क्यों. उक्त बिंदु पर सरकार द्वारा जो जवाब दिया गया कि उक्त बालू घाटों को वर्गीकृत किया गया है.
बीओआइ की एक अन्य शाखा स्थापित करने की मांग रखी
बानो. तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने विस सत्र के शून्य काल में बानो प्रखंड की बहुप्रतीक्षित मांग बैंक ऑफ इंडिया को अन्यत्र उचित स्थान पर स्थानांतरण करने की मांग रखी. कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग के अनुरूप बानो प्रखंड की जमताई पंचायत के हुरदा में भी एक बैंक शाखा उपलब्ध कराया जाये. विधायक ने कहा कि सिमडेगा जिला अंतर्गत बानो प्रखंड मुख्यालय में स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में 50 किमी के दायरे में लगभग एक लाख, 50 हजार से अधिक खाताधारक हैं. बीओआइ बानो की शाखा एक छोटे भवन के ऊपर तल्ले पर अवस्थित है. लोगों को विशेषकर बुजुर्गों व दिव्यांगों को संकीर्ण सीढ़ी से उतरने चढ़ने में परेशानी होती है. कार्य क्षमता से अधिक भीड़ होने से लोगों को समस्या हो रही है. सुबह छह बजे से लाइन लगने के बाद भी कई लोग काउंटर तक नहीं पहुंच पाते हैं. उन्होंने सदन के माध्यम से मांग करते हुए बैंक शाखा को अन्यत्र उचित स्थान में स्थानांतरित करने और बानो प्रखंड की जमतई पंचायत के हुरदा में भी एक बैंक शाखा उपलब्ध कराने की बात कही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
