सिमडेगा. सिमडेगा प्रखंड के बिरनीबेड़ा इलाके में हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, बिरनीबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में 20 से 25 हाथियों के झुंड के घूमने की सूचना है. इसके बाद पुलिस और वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है. सोमवार की देर रात हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने की सूचना मिलने पर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ग्रामीणों के बीच पहुंचे. उन्होंने थोलकोबेड़ा, बेलगढ़, गिरजा टोली, बराबरपानी और बिरनीबेड़ा क्षेत्र में ग्रामीणों से मुलाकात कर हाथियों की गतिविधियों की जानकारी ली.
ग्रामीणों के साथ मशाल लेकर डटे रहे विधायक
विधायक ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास किया. इस दौरान वह भी ग्रामीणों के साथ हाथ में मशाल लेकर घंटों मौके पर डटे रहे. हाथियों से बचाव और उन्हें गांव की ओर आने से रोकने के लिए विधायक की ओर से ग्रामीणों के बीच जरूरी सामग्री भी बांटी गयी. इसमें टॉर्च, जूट के बोरे, मोबिल और मशाल जलाने की सामग्री शामिल थी.
हाथियों के झुंड के पास न जाने की अपील
विधायक ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने और हाथियों के झुंड के पास नहीं जाने की अपील की. वन विभाग और पुलिस ने भी ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें उकसाने से बचने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें: शादी से इंकार करने पर महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग से समन्वय पर जोर
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को रात में भय और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर जरूरी कदम उठाने की जरूरत है. उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की. मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अख्तर खान, विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, महासचिव सलमान खान, महासचिव एजाज खान, महासचिव शीतल एक्का, तिलका रमन, लखन गुप्ता, मुखिया दुर्गा मुंडा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: शाम 7 बजे होगा करम राजा का पूजन, SP श्रीकांत खोटरे होंगे मुख्य अतिथि
