सिमडेगा. सदर प्रखंड के सेवई बेलटोली में मारिया जतरा का आयोजन किया गया. मौके पर मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा शामिल हुए. मिस्सा पूजा फादर इग्नासियुस बघवार ने संपन्न कराया. विधायक ने कहा कि मारिया जतरा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज की एकता, भाईचारे व सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है. कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी परंपराओं व संस्कृति को जीवित रखने का कार्य करते हैं. विधायक ने क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव बनाये रखने की अपील की. कहा कि संस्कृति व परंपराओं को बचाये रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. समाज की एकजुटता से क्षेत्र का विकास संभव है. विधायक ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम में सदर प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, पंचायत अध्यक्ष सालमोन लकड़ा, अजय दान कुजूर आदि उपस्थित थे.
प्रखंड स्तरीय खरीफ कर्मशाला का आयोजन
बानो. कृषि विभाग ने शनिवार को बानो स्थित नगर भवन में एकदिवसीय प्रखंड स्तरीय खरीफ कर्मशाला का आयोजन किया गया. कर्मशाला का उदघाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिप सदस्य बिरजो कंडुलना व बीडीओ सह सीओ नइमुद्दीन अंसारी उपस्थित थे. जिप सदस्य बिरजो कंडुलना ने बदलते मौसम और संभावित कम वर्षा के अनुकूल कम अवधि वाले खेती करने की सलाह दी. बीडीओ नइमुद्दीन अंसारी ने कृषि को व्यवसाय के रूप में अपनाने की सलाह दी. साथ प्रखंड में चल रही योजनाओं की जानकारी उनके द्वारा दी गयी. प्रखंड तकनीकी प्रबंधक द्वारा संभावित अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए खेत की गहरी जुताई व मेढ़ को मजबूत बनाने की सलाह दी गयी. कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी भरत खंडा पातरा, पौध संरक्षण पदाधिकारी राजेंद्र बाड़ा, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी दुलमू बिरुली, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कुमार सौरभ, सहायक तकनीकी प्रबंधक राजेश बागे, हशीबुल अंसारी आदि उपस्थित थे.
