कोलेबिरा,सिमडेगा: प्रखंड मुख्यालय स्थित कोलेबिरा डैम इन दिनों असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बना हुआ है. शाम होते ही डैम परिसर में शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है. इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शाम होते ही प्रतिदिन डैम परिसर में शराबियों की भीड़ जुटने लगती है. शराब पीने के बाद कुछ लोग कांच की बोतलें परिसर में ही तोड़कर इधर-उधर छोड़ देते हैं. इससे डैम परिसर में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है और कांच के टुकड़ों से चोट लगने का खतरा भी बना रहता है.
छठ पूजा के दौरान बढ़ सकती है परेशानी
ज्ञात हो कि कोलेबिरा डैम परिसर में प्रतिवर्ष छठ मेला का आयोजन होता है. छठ पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं. उस समय डैम परिसर में मेले जैसा माहौल रहता है. ऐसे में शराबियों द्वारा परिसर में बोतलें छोड़ दिये जाने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो सकती है.
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम परिसर में समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि शाम के समय शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा नहीं लगे और डैम परिसर को सुरक्षित व स्वच्छ रखा जा सके.
