सिमडेगा: पुणे में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर लौटी झारखंड टीम का बुधवार को सिमडेगा में जोरदार स्वागत किया गया. अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया.
खिलाड़ियों के स्टेडियम पहुंचने पर बुके देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद पारंपरिक तरीके से हाथ धुलाकर और तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया. खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर रजत पदक जीतने की बधाई दी गयी.
रजत पदक विजेता टीम में सिमडेगा की रीना कुल्लू, अनीशा कुल्लू, एस्टर होरो, सोनाली तिर्की, अनुप्रिया सोरेंग और जमुना कुमारी शामिल रहीं. टीम मैनेजर सह एनआइएस हॉकी कोच दिव्या डुंगडुंग भी सिमडेगा पहुंचीं. टीम की कुछ खिलाड़ी रांची चली गयीं, जबकि कुछ बेंगलुरु से सीधे भारतीय टीम के कैंप के लिए रवाना हुईं. वहीं, कुछ खिलाड़ी कोलकाता हॉकी सेंटर गयीं.
यह भी पढ़ें : Simdega News: कोलेबिरा में पुलिस का एंटी क्राइम अभियान, सड़कों पर वाहनों की सघन जांच
पहले ही दौरे में रजत पदक की खुशी
टीम मैनेजर दिव्या डुंगडुंग ने कहा कि एनआइएस की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद हॉकी झारखंड ने उन्हें झारखंड टीम की जिम्मेदारी दी. अपने पहले ही दौरे में टीम के रजत पदक जीतने पर उन्होंने खुशी जतायी. उन्होंने हॉकी झारखंड और सिमडेगा में शानदार स्वागत करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.
दबाव में भी खिलाड़ियों ने दिखायी मानसिक मजबूती
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड टीम ने चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में निर्णायक क्षणों में टीम दबाव में आ जाती थी, लेकिन इस बार खिलाड़ियों ने परिपक्व खेल का प्रदर्शन किया.
कई मुकाबलों में पिछड़ने के बावजूद टीम ने अंतिम क्षण तक संघर्ष किया और महत्वपूर्ण गोल कर वापसी की. इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मुकाबले जीतते हुए टीम फाइनल तक पहुंची. यह खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि टीम की सफलता में खिलाड़ियों के साथ कोचिंग स्टाफ और मैनेजर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए हॉकी झारखंड की ओर से झारखंड सरकार के खेल विभाग के सहयोग से एक से 12 अगस्त तक रांची में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था. शिविर का सकारात्मक परिणाम रजत पदक के रूप में सामने आया.
मनोज कोनबेगी ने पूरी टीम, कोच, मैनेजर, सहयोगी स्टाफ और सिमडेगा की खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मौके पर हॉकी सिमडेगा के पैंक्रेसियस टोप्पो, कमलेश्वर मांझी, खिलाड़ियों की कोच तारिणी कुमारी, रोहित बेसरा, प्रवीण परवार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद थे.
