सिमडेगा. एसपी के निर्देश पर सदर थाना क्षेत्र में अवैध शराब एवं अवैध रूप से मांस की बिक्री के खिलाफ संयुक्त छापामारी अभियान चलाया गया. सिमडेगा कॉलेज के पीछे पहाड़ी तराई, बाजार टांड़ और डेली मार्केट में पुलिस, अंचलाधिकारी तथा जिला परिषद प्रशासक की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की.
अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अवैध शराब की बिक्री और मांस की अवैध बिक्री से संबंधित गतिविधियों की जांच की. कार्रवाई के दौरान 10 लीटर अवैध महुआ शराब तथा 50 किलोग्राम सूअर मांस मौके पर नष्ट किया गया.
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री तथा अवैध रूप से मांस की बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना या प्रशासन को सूचना दें.
