जलडेगा. सिमडेगा जिले में जलडेगा प्रखंड के गांगुटोली-कोलेबिरा पथ पर कोनमेरला-गांगुटोली विद्युत सबस्टेशन के समीप शुक्रवार शाम करीब 4.15 बजे सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई. जबकि उसकी बहन घायल हो गई. पतिअंबा खास निवासी बिरसा बड़ाईक (पिता भोसा बड़ाईक) अपनी बहन सुरसा के साथ मोटरसाइकिल से कोनमेरला साप्ताहिक बाजार आए थे. बाजार से वापस लौटने के दौरान गांगुटोली की ओर से कोलेबिरा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार सफेद रंग के ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसा इतना गंभीर था कि बिरसा बड़ाईक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी उनकी बहन सुरसा सड़क किनारे दूर जा गिरी. जिससे वह घायल हो गईं. मोटरसाईकिल के परखचे उड़ गये. घटना के बाद घायल सुरसा किसी तरह कोनमेरला साप्ताहिक बाजार पहुंचीं और अपने परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी. इधर ग्रामीणों ने घटना की सूचना जलडेगा थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही जलडेगा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. जलडेगा थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. ट्रक की पहचान एवं तलाश के लिए कोलेबिरा सहित आसपास के अन्य थानों को भी सूचना दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
