मुलाकात लीगल एड हेल्प डेस्क का उदघाटन
मुलाकात लीगल एड हेल्प डेस्क का उदघाटन
सिमडेगा. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार व झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशानुसार गुरुवार को मंडल कारा में मुलाकात लीगल एड हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया. उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा व जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने संयुक्त रूप से किया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि जेल में बंद विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराना न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. मुलाकात लीगल एड हेल्प डेस्क के माध्यम से बंदियों व उनके परिजनों को निशुल्क कानूनी सहायता, न्यायालय की प्रक्रिया, अपील, जमानत समेत अन्य विधिक अधिकारों से संबंधित जानकारी सरलता से उपलब्ध करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर व जरूरतमंद लोगों तक न्याय पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार लगातार कार्य कर रहा है. डालसा सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि हेल्प डेस्क का उद्देश्य बंदियों और उनके परिजनों के बीच कानूनी जानकारी की कमी को दूर करना है. मौके पर कारा अधीक्षक, जेल प्रशासन के अधिकारी, डालसा से जुड़े अधिवक्ता, पारा लीगल वोलेंटियर व कर्मी समेत अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे.