सिमडेगा. सिमडेगा के सारूबेड़ा चिरोटांड़ मंडली में नॉर्थ वेस्टर्न गोस्सनर एवेंजेलिकल लुथेरान चर्च छोटानागपुर व असम, खूंटीटोली पेरिश युवा संघ के तत्वावधान में 61वां वार्षिक बाइबल क्लास का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना व आराधना गीतों के साथ हुई. इस अवसर पर रेभ जकर्याह मिंज, रेभ अमर नवीन टोप्पो, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा, प्रशिक्षु एनडीटीसी मलार अमन टोप्पो, शुभम किंडो व अनमोल एक्का समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम में बाइबल आधारित संदेश देते हुए युवाओं को प्रभु के मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे की भावना बनाये रखने का संदेश दिया गया. मुख्य अतिथि विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि युवा समाज व राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं. यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें, तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित रूप से आता है. उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को शिक्षा, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है. बाइबल क्लास जैसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, नैतिकता और सेवा की भावना विकसित करते हैं. उन्होंने युवाओं से नशा, हिंसा और गलत संगति से दूर रहकर परिवार, समाज और देश के विकास में योगदान देने की अपील की. कार्यक्रम में पंसस रूनम केरकेट्टा, खूंटीटोली पेरिश अध्यक्ष निखिल बाड़ा, उपाध्यक्ष पूना अरिज्ञा मिंज, सह सचिव एजुक एक्का, कोषाध्यक्ष एम्मानुवेल तिर्की, संडे स्कूल प्रभारी कुशल मगन कुजूर, सह प्रभारी सोल्टी तिर्की समेत पेरिश के कार्यकारी सदस्य व महिला संघ की पदाधिकारी उपस्थित थीं. अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान : जोसिमा महिला जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि बाइबल क्लास केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि यदि युवा प्रभु यीशु के बताये मार्ग पर चलेंगे, तो समाज में प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना और मजबूत होगी. उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने तथा समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया.
युवा सही दिशा में बढ़ें, तो समाज में आयेगा सकारात्मक बदलाव : विधायक
61वां वार्षिक बाइबल क्लास. युवाओं को दिया प्रेम, शांति व नैतिकता का संदेश
