सिमडेगा: ठेठईटांगर थाना के कसडेगा में हुए हिट एंड रन मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि तीन अगस्त को करीब 11.30 बजे सूचना मिली थी कि कसडेगा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर सिमडेगा की ओर फरार हो गया. सूचना मिलते पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच ट्रक की तलाश शुरू की.
सिमडेगा, कोलेबिरा समेत कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की गयी. लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिली. बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कसडेगा पेट्रोल पंप की पार्किंग के पीछे छिपा कर रखा गया है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक (सीजी-10एआर-9242) बरामद कर लिया. इसके बाद आसपास के क्षेत्र में छापेमारी कर चालक गंगा सागर यादव (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने दुर्घटना करने की बात स्वीकार कर ली.
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी. इस मामले में ठेठईटांगर थाना मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
