स्वस्थ युवा सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला : प्रो देवराज

स्वस्थ युवा सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला : प्रो देवराज

सिमडेगा. विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर सिमडेगा कॉलेज में एनसीसी द्वारा शनिवार को व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं व आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था. मौके पर महाविद्यालय परिसर में जागरूकता सभा का आयोजन किया गया. एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य देवराज प्रसाद ने कहा कि तंबाकू आज समाज के समक्ष एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती के रूप में उपस्थित है. विशेष रूप से युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है. कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं. इसके बाद एनसीसी कैडेटों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गयी. कैडेटों के हाथों में तंबाकू निषेध संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां व बैनर भी थे, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. कार्यक्रम के दौरान आयोजित जागरूकता सत्र में तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों व अन्य स्वास्थ्य समस्याओं पर चर्चा की गयी. उपस्थित विद्यार्थियों व कैडेटों को बताया गया कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार व समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है. इस अवसर पर सभी कैडेट व विद्यार्थियों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली. कार्यक्रम में 49 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. संचालन डॉ जितेश पासवान ने किया. उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं है, बल्कि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >