सिमडेगा. झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री एवं सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान के निधन से जिले में शोक की लहर है. शुक्रवार की रात करीब 8.40 बजे रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक जताया.
विमला प्रधान ने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत सामाजिक कार्यों से की थी. समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय रहने के साथ उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर कई जिम्मेदारियां निभायीं. समाज के उत्थान और विकास से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही.
गोंड समाज के उत्थान के लिए रहीं सक्रिय
विमला प्रधान गोंड समाज के उत्थान और विकास के लिए भी लगातार सक्रिय रहीं. उन्हें झारखंड गोंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी. शहरी क्षेत्र के खैतनटोली स्थित गोंडवाना लॉज में करमा पर्व के अवसर पर उनके द्वारा कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहे. समाज के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया जाता था.
धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ाव
विमला प्रधान रामरेखा धाम समेत जिले की कई धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी रहीं. सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. करीबियों के अनुसार उनका स्वभाव सहज और मिलनसार था. लोगों के साथ सहज व्यवहार उनकी पहचान थी.
2009 में पहली बार बनीं विधायक
सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता और लोगों के बीच मजबूत पकड़ के कारण भाजपा ने उन्हें सिमडेगा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया. वर्ष 2009 में उन्होंने चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया. उन्हें 38,476 वोट मिले थे. वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें फिर सिमडेगा से प्रत्याशी बनाया. इस चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार विधायक बनीं. उन्हें 45,343 वोट मिले थे.
विमला प्रधान वर्ष 2009 से 2019 तक सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक रहीं. वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी भूषण बाड़ा से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद भी उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता जारी रखी तथा भाजपा संगठन से जुड़ी रहीं.
एचपीसीएल में भी मिली जिम्मेदारी
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता के साथ विमला प्रधान को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी मिली. संगठनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी बनी रही.
खेलों को बढ़ावा देने में भी रुचि
विमला प्रधान सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक गतिविधियों के साथ खेलों को बढ़ावा देने में भी रुचि रखती थीं. जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों में उनकी भागीदारी रहती थी.
विमला प्रधान के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं, गोंड समाज सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों में शोक व्याप्त है.
