साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

सिमडेगा साहित्य सभा की बैठक

सिमडेगा. शहर के डाक बंगला में रविवार की शाम सिमडेगा साहित्य सभा की बैठक हुई. बैठक में जिले में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार- विमर्श किया गया. सभा के अध्यक्ष मनोज सिन्हा मनु ने कहा कि जिले में कई साहित्यिक प्रतिभाएं हैं, जो जिले को एक नयी पहचान दे सकती हैं. उन्हें एक मंच पर लाने और प्रोत्साहित करने की जरूरत है. कहा कि कई ऐसे लेखक और कवि हैं, जिन्होंने अपनी रचनाओं से अपनी पहचान गढ़ी है. साथ ही नवोदित लेखकों व कवियों को भी सभा से जोड़ा जायेगा. बैठक में सिमडेगा साहित्य सभा के निबंधन पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई. सचिव श्याम सुंदर मिश्र ने निबंधन कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी दी. निर्णय लिया गया कि हर माह के अंतिम रविवार को सभा की बैठक आयोजित की जायेगी. बैठक के दौरान काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें कवि मनोज सिन्हा मनु ने हास्य व्यंग्य की रचनाएं सुना कर सभी को हंसाया. कवि विष्णु देव प्रसाद ने प्रियतम कब आओगे… कविता सुना कर कविता का माहौल बना दिया. सभा के सदस्य मुंगेश्वर साहू ने नागपुरी भाषा में जीवन जीने की कला से संबंधित एक सुंदर कविता सुनायी. कवयित्री मुक्ता टोप्पो ने मन के द्वंद से संबंधित कविता सुना कर वाहवाही पायी. श्याम सुंदर मिश्रा की लघु कथा को भी पसंद किया गया. अर्चना शेफाली ने अपने पसंदीदा कवि की एक रचना प्रस्तुत की. गायक मोहन साहू के स्वरचित नागपुरी गीत और सोमनाथ मिश्रा की कविता को भी पसंद किया गया. बैठक में जैकब लकड़ा, सभा के कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल चीकू समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >