कोलेबिरा: रक्षाबंधन के अवसर पर घर-परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की सूनी कलाइयों पर एकल अभियान की बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा. कोलेबिरा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बहनों ने पुलिसकर्मियों की आरती उतारी, राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस दौरान बहनों ने पुलिसकर्मियों से देश, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने का वचन लिया. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि एकल अभियान की बहनों ने थाना परिसर में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ.
यह भी पढ़ें : Simdega News: जूनियर नेशनल हॉकी में झारखंड को सिल्वर, सिमडेगा की 6 बेटियां रजत लेकर लौटीं
कई वर्षों से आयोजित हो रहा कार्यक्रम
एकल अभियान के संच प्रमुख सुदर्शन सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकांश जवान जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात रहने के कारण रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भी अपने घर नहीं जा पाते हैं. ऐसे पुलिसकर्मियों को एकल अभियान की बहनें राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते का अपनापन देती हैं.
मौके पर अभिषेक कुमार, देव शंकर प्रधान, डमरू धर सिंह, शत्रुघ्न सिंह, घुसी सिंह, दिनेश्वर सिंह, पुष्पा देवी, सावित्री देवी, कमला देवी, गंगोत्री देवी, लक्ष्मी कुमारी, राधिका, लोकेश्वरी देवी, सरस्वती देवी, निरंती देवी, प्रमिला देवी, बिंदिया कुमारी सहित एकल संच के आचार्य व अन्य लोग उपस्थित थे.
