ठेठईटांगर. प्रखंड के कोरोंमियां पंचायत में लिड्स संस्था की ओर से 22 प्रशिक्षुओं के बीच टूल किट और प्रमाण पत्र का वितरण किया गया. संस्था के जिला समन्वयक दिलराज नायक ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के 22 युवक-युवतियों को बांस से विभिन्न उत्पाद बनाने का 25 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया. इसमें बांस की टोकरी, लैंप शेड, फूलदान, फर्नीचर और सजावटी सामान बनाना सिखाया गया.
प्रशिक्षुओं को बांस छीलने के औजार, चाकू, मापक यंत्र, ड्रिल मशीन आदि वाला टूल किट दिया गया. मुखिया रेणुका सोरेंग ने कहा कि क्षेत्र में बांस प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है. लोग बांस से विभिन्न सामान बनाकर आमदनी कर जीवन बेहतर बना सकते हैं. संस्था के प्रशिक्षक प्रकाश कुमार ने बांस से बने उत्पादों के माध्यम से आय अर्जित करने की जानकारी दी.
मौके पर उप मुखिया स्तानीसलास मिंज, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बिरसपर उरांव, श्याम कुमार, प्रदीप महतो, अमित टोप्पो, वार्ड सदस्य, लिड्स संस्था के सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे.
