सिमडेगा. ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत कोरोमिया पंचायत के मारारोमा गांव में एनआरइपी विभाग द्वारा कराये जा रहे पुलिया निर्माण कार्य में अनियमितता व घटिया सामग्री उपयोग किये जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है. इसको लेकर विधायक ने संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधियों को जांच के लिए भेजा. मौके पर पहुंचे प्रमुख बिपिन पंकज मिंज ने कहा कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिया की ढलाई बिना सही बेस व बेड कंक्रीट के की गयी है, जिससे पहली ही बारिश में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने या दरार आने की आशंका बनी हुई है. कहा कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो भविष्य में यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस स्थान पर बना पुल कुछ ही वर्षों में जर्जर हो गया था. इसके बाद विधायक की पहल पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया गया. लेकिन पुनः घटिया तरीके से काम किये जाने पर संवेदक एवं विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जतायी जा रही है. सांसद प्रतिनिधि फ्रांसिस बिलुंग ने कहा कि पुल निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है और संवेदक द्वारा मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है. उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अशफाक आलम, बसंत सुरीन, डोमिनिक डुंगडुंग, अनिल लकड़ा, बेनेदिक लकड़ा, राजेश डुंगडुंग, सुलेमान टोपनो सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा निर्माण कार्य
मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा निर्माण कार्य
