सिमडेगा. केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शनिवार को कचहरी के समीप जिला स्तरीय एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए चंदा चोरी और एमएमडीआर (खान एवं खनिज) से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की.
विधायक ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
धरना को संबोधित करते हुए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाडी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों का सीधा असर गरीब, मजदूर, किसान और आम जनता पर पड़ रहा है.
उन्होंने चंदा चोरी तथा खान एवं खनिज से जुड़े मामलों में सरकार से जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की. विधायक ने कहा कि देश के प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा पर आम जनता का भी अधिकार है और इसका लाभ चुनिंदा लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए.
सड़क से सदन तक संघर्ष का दावा
विधायक ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी. केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है.
उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और जनता के प्रति जवाबदेह बनने की मांग की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा, प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी अजय नाथ सहदेव, जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, जिला विधायक प्रतिनिधि शमी आलम, कोलेबिरा प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोनगाड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
