सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान एफएचटीसी, एचजीजे, एसवीएस क्लस्टर, एमवीएस, आरपीडब्ल्यूएसएस आइडी निर्माण, हैंडपंपों की स्थिति तथा आरएम टू डीटी कार्यों समेत कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 तक सभी ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों द्वारा जल कर वसूली के लिए ग्रामवार बैंक खाता अनिवार्य रूप से खोला जाये. साथ ही प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर उसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक में पेयजल संरक्षण एवं उसके सदुपयोग को लेकर जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. उपायुक्त ने लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया. इसके अलावा जिले के 14,850 नलकूपों की अद्यतन मास्टर शीट तैयार करने, अंतिम मरम्मत तिथि का मिलान करने तथा लंबित एमआइएस कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये गये. बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मुकेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुन्नी कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे. अनुकंपा नियुक्ति के तीन मामलों की अनुशंसा, चार आवेदन लौटाये गये सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक हुई. बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित कुल आठ आवेदनों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया. समिति सदस्यों ने सभी मामलों की क्रमवार जांच व समीक्षा करते हुए विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निर्णय लिया. चर्चा के बाद तीन मामलों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति हेतु सर्वसम्मति से अनुशंसा की गयी. वहीं चार आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा तकनीकी त्रुटियां पाये जाने पर उन्हें सुधार के लिए संबंधित विभागों को वापस भेज दिया गया. इसके अलावा एक मामले को उम्र संबंधी परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग को प्रेषित किया गया. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों में आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित कर उन्हें पुनः समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाये, ताकि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार जल्द लाभ मिल सके. उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. बैठक में अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, समाज कल्याण पदाधिकारी सूरजमुनि कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
योजनाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण पूरा करें: डीसी
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में संचालित योजनाओं की हुई समीक्षा
