होली व रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक सिमडेगा. उपायुक्त अजय कुमार सिंह व एसपी सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में होली व रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में जिला अंतर्गत सभी क्षेत्रों में उचित विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी व जिले के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. बैठक में बताया गया कि 13 मार्च को होलिका दहन व 14 मार्च को होली मनेगी. वहीं मुस्लिम समुदाय द्वारा रोजा रखा जा रहा है. उक्त संदर्भ में उपायुक्त ने सभी शांति समिति के सदस्यों व पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रह कर समस्त आयोजन के दौरान होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने की बात कही. आयोजन दिवस से पूर्व सभी स्थानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया. पर्वों को लेकर जांच अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. होलिका दहन व होली के अवसर पर पेयजल आपूर्ति के लिए पानी टैंकर व होली के दिन पाइपलाइन द्वारा सुबह से शाम तक निर्बाध रूप से पेयजल आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया. एसपी सौरभ ने कहा पर्व के दौरान किसी प्रकार की अफवाह को न फैलने दें. किसी भी प्रकार की घटना घटती है, तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम में या पुलिस को दें. शांति समिति के सदस्यों से बीते वर्षों की भांति शांतिपूर्ण व आपसी भाईचारा के साथ होली पर्व मनाने की अपील की गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
