सिमडेगा में चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान शुरू

माहवारी प्राकृतिक व सामान्य प्रक्रिया, इस विषय पर खुल कर होना चाहिए संवाद : डीसी

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह ने समाहरणालय सभागार में पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान की शुरुआत की. अभियान का उद्देश्य महिलाओं व किशोरियों में माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़ी सामाजिक झिझक व भ्रांतियों को दूर करना है. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक व सामान्य प्रक्रिया है, इसलिए इस विषय पर खुल कर संवाद होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि केवल किशोरियों और महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुषों को भी माहवारी स्वच्छता व स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो और अनावश्यक संकोच समाप्त हो सके. उपायुक्त ने विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता पर नियमित चर्चा आयोजित करने का निर्देश दिया. साथ ही पैरेंट्स डे के अवसर पर माता-पिता दोनों को शामिल कर विषय पर जागरूकता बढ़ाने की बात कही. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को रेड डॉट दिखा कर स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलायी गयी. स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की गयी. कार्यक्रम में नजारत उप समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुन्नी कुमारी, डीपीएम जेएसएलपीएस शांति मार्डी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, किशोरियां व महिलाएं उपस्थित थीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >