सिमडेगा. गोवंशीय पशु तस्करी के पुराने मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त मौसिम मीर उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं.
मामला सदर थाना से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से सिमडेगा के रास्ते गोवंशीय पशुओं की तस्करी के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इसी मामले में मौसिम मीर उर्फ टिंकू लंबे समय से फरार चल रहा था.
डीएसपी मुख्यालय रनवीर सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मौसिम मीर उर्फ टिंकू काले रंग की स्कॉर्पियो से सिमडेगा होते हुए गुमला की ओर जाने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर बिरु चौक के पास वाहन का इंतजार किया गया.
इसी दौरान सिमडेगा की ओर से काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखी. पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया. वाहन रुकते ही उसमें सवार दो लोग भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम मौसिम मीर उर्फ टिंकू बताया. वह मुरगू, थाना सिसई, जिला गुमला का निवासी है.
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से स्कॉर्पियो (जेएच 01एफएक्स-0187), मोटरोला कंपनी का हरे रंग का मोबाइल, पोको कंपनी का हल्के आसमानी रंग का मोबाइल और 15 हजार रुपये नकद बरामद किये गये.
छापामारी दल में सहायक अवर निरीक्षक अमरेंद्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार राय, सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे.
