सिमडेगा. एसपी श्रीकांत एस खोटरे की अध्यक्षता में मंगलवार को एसपी कार्यालय सभागार में अपराध गोष्ठी व पुलिस सभा का आयोजन किया गया. बैठक में जिले के सभी थानों द्वारा माह जनवरी में प्रतिवेदित एवं निष्पादित कांडों की समीक्षा की गयी. कांडों के शीघ्र निष्पादन व सफल उद्भेदन को लेकर एसपी ने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी ने अनुसंधान की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कांडों के निष्पादन में सक्रियता व तेजी लाने का निर्देश दिया. गंभीर प्रकृति के मामलों को थाना प्रभारी द्वारा स्वयं हैंडल करने, संपत्ति मूलक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं उनके उद्भेदन, सक्रिय अपराध कर्मियों व नक्सलियों के सत्यापन तथा जमानतदारों के सत्यापन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी वाहन चेकिंग अभियान चलाने और एमवीआइ एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये. अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से रोड फेसिंग सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन, बीट पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा क्षेत्र में चल रहे निर्माण व विकास कार्यों पर निरंतर निगरानी व सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया. अवैध शराब, नशा व अड्डेबाजी के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने, वारंटों के समय पर निष्पादन व गवाहों का समय पर न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये. आगामी गणतंत्र दिवस, गांधी मेला व सरस्वती पूजा के आयोजनों को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर विशेष सतर्कता व निगरानी बरतने को कहा गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
