स्वीकृत राशि को शीघ्र लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित करें : डीसी

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई. बैठक में अनुदान राशि के लिए प्राप्त कुल 10 आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया. सभी आवेदनों की समीक्षा के बाद समिति ने नौ आवेदनों को अनुमोदन प्रदान किया, जबकि एक आवेदन अस्वीकृत कर दिया गया. अनुमोदित आवेदनों में अनुसूचित जाति के दो तथा अनुसूचित जनजाति के सात आवेदन शामिल हैं. समिति ने लाभुकों की बीमारी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक लाभुक को 2500 रुपये से 25,000 रुपये तक की सहायता राशि स्वीकृत की गयी. इस क्रम में कुल 84,500 रुपये की राशि स्वीकृत की गयी. उपायुक्त ने परियोजना निदेशक आइटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्वीकृत राशि को शीघ्रता से सभी लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित करें. उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों को लक्ष्य निर्धारित कर सुनिश्चित करें कि प्रतिमाह कम से कम दो योग्य आवेदनों की अनुशंसा जिला कल्याण कार्यालय को भेजी जाये. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने के लिए लाभुकों के लिए जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य है. उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे चिकित्सा प्रमाण, राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या एवं जाति प्रमाण पत्र के साथ जिला कल्याण कार्यालय में आवेदन समर्पित कर सकते हैं. बैठक में परियोजना निदेशक आइटीडीए सरोज तिर्की, सिविल सर्जन डॉ सुंदर मोहन, विधायक प्रतिनिधि मो समी आलम, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >