प्रशासन तभी सफल होता है जब समाज उसके साथ खड़ा हो: उपायुक्त

प्रशासन तभी सफल होता है जब समाज उसके साथ खड़ा हो: उपायुक्त

सिमडेगा. जिले में इस वर्ष रामनवमी महोत्सव, ईद, सरहुल, चैती दुर्गा पूजा एवं चैती छठ पूजा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के उपरांत शनिवार की संध्या परिसदन भवन परिसर में उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य इस वर्ष के अनुभवों का विश्लेषण करते हुए भविष्य में और बेहतर समन्वय, प्रबंधन तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहारों के आयोजन को सुनिश्चित करना था.बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र कुमार ने विषय प्रवेश करते हुए पुलिस प्रशासन, शांति समिति, आयोजन समिति एवं आम नागरिकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया. बेहतर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, मजिस्ट्रेट की तैनाती, रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, संचार व्यवस्था एवं मीडिया सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी जिले का प्रशासन तभी सफल होता है जब समाज उसके साथ खड़ा हो. उन्होंने कहा कि जिला एक परिवार की तरह है, जहां सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होती है.मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों एवं आम नागरिकों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विकास, सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

प्रशासन एक सामूहिक व्यवस्था है

उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि प्रशासन एक सामूहिक व्यवस्था है, जिसे सभी के सहयोग से ही सुचारु रूप से संचालित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे व्यवधान हर आयोजन का हिस्सा होते हैं, लेकिन बड़े उद्देश्य शांति और सौहार्द को ध्यान में रखते हुए उन्हें नजरअंदाज कर आगे बढ़ना चाहिए. रामनवमी समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने कहा कि इस वर्ष प्रशासन ने योजनाओं का सूक्ष्म अध्ययन कर सभी को एक मंच पर लाने का सराहनीय कार्य किया. बैठक में एसडीपीओ बैजू उरांव, एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी एवं अंचलाधिकारी मो इम्तियाज अहमद सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >