सिमडेगाः गौवंशीय पशुओं के अवैध वध और मांस की बिक्री के खिलाफ सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में बांसजोर ओपी क्षेत्र में दर्ज मामले में फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
17 किलो संदिग्ध मांस बरामद
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि आठ अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि सिहारजोर सुरीन टोली के पास दाउद कंडुलना समेत कुछ लोगों द्वारा गौवंशीय पशु का वध कर मांस की बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई.
टीम ने आठ अगस्त की सुबह करीब 7:50 बजे सुरीन टोली में दाउद कंडुलना के घर से लगभग 200 मीटर दूर जामडीह नदी के पास छापेमारी की. पुलिस को देखते ही कुछ लोग नदी और जंगल का लाभ उठाकर भागने लगे. पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ लिया. घटनास्थल से करीब 17 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय मांस और मांस काटने में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर जब्त की गई.
ये भी पढ़ें- पुलिस को देखते ही भागने लगे बाइक 3 चोर, पीछा करके 3 को दबोचा
मामले में पहले ही दो आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस संबंध में जलडेगा थाना (बांसजोर ओपी) कांड संख्या 49/2026, दिनांक आठ अगस्त 2026 के तहत झारखंड गौवंशीय हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 की धारा 12(1)/12(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
19 अगस्त को हुई गिरफ्तारी
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त जोहन सुरीन (59 वर्ष), पिता स्व. मानुएल सुरीन, निवासी सिहारजोर सुरीन टोली, बांसजोर ओपी, सिमडेगा को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया. उसे 20 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में गौवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध वध के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
ये भी पढ़ें- JSSC भर्ती घोटाला: 2022 में CID के पास थी अरुण की पूरी कुंडली, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी
