कैसा हो लोक सभा प्रत्याशी पर महिलाओं की प्रतिक्रिया
सिमडेगा : लोक सभा चुनाव सामने है. चहुंओर लोक सभा चुनाव के ही चर्चे हैं. पुरुषों के साथ महिलाएं भी लोकसभा चुनाव में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. लोक सभा चुनाव में कैसा हो हमारा प्रत्याशी विषय पर महिलाओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है. प्रस्तुत है महिलाओं से बातचीत के प्रमुख अंश. एकल नारी सशक्ति संगठन के राहिल कुल्लू का कहना है कि हमारा प्रत्याशी महिलाओं के हित में काम करने वाला हो. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी ऐसा हो जो महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का विरोध करे एवं एकल नारी की समस्याओं को दूर करे.
सुशीला लकड़ा कहती हैं कि सभी समुदाय के गरीब लोगों को एक साथ लेकर उनकी समस्याओं को दूर करने वाला हो हमारा प्रत्याशी. साथ ही क्षेत्र के विकास में रूची रखे तथा धर्म जाति से ऊपर उठ कर काम करे. माइकल खेस का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने वाला हो हमारा प्रत्याशी. साथ ही राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं को समान अधिकार दिला सके तथा महिलाओं की समस्याओं का समाधान कर सके. वीणा देवी कहती हैं कि प्रत्याशी ऐसा हो जो बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराये तथा गरीबों को वृद्धा पेंशन, बीपीएल कार्ड व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने में सहायता करे. उर्मिला देवी कहती हैं कि प्रत्याशी ऐसा हो जो महिलाओं को एकजुट कर उनके अधिकार के लिये आगे आये. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी समाज सेवा का भावना रखने वाला हो तथा गरीबों का मसीहा बन कर क्षेत्र में काम करे.
