सिमडेगा : समाहरणालय स्थित सभागार में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई. बैठक में 17 मार्च को आयोजित होली पर्व पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि होली का पर्व सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनायें. उन्होंने कहा कि पर्व के अवसर पर किसी के साथ जबरदस्ती नहीं करें.
उन्होंने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व के अवसर पर प्रेम व भाइचारगी का संदेश दें. बैठक में 16 मार्च को रात्रि लगभग नौ बजे होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गयी. सदस्यों ने बताया कि लगभग आठ स्थानों पर होली दहन किया जायेगा.
बैठक में सदस्यों ने होली के अवसर पर शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई कराने की मांग की. बस एसोसिएशन के राम कुमार ने कहा कि बस स्टैंड में गंदगी का अंबार लगा है. किंतु ठेकेदार द्वारा कभी सफाई नहीं करायी जाती. उन्होंने होली के मौके पर बस स्टैंड में विशेष रूप से पुलिस बल तैनात करने की मांग की. साथ ही केलाघाघ डैम परिसर में भी पुलिस बल की तैनाती की मांग की गयी. बैठक में बाजार में बिकने वाले नकली रंग की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग की गयी.
उपायुक्त ने कहा कि बाजार में बिकने वाले रंगों की जांच की जायेगी. बैठक में विद्युत व्यवस्था पर भी चर्चा की गयी. बैठक में एसपी असीम विक्रांत मिंज, एसडीओ कार्तिक कुमार प्रभात, डीएसपी निखिलानंद प्रसाद, एलआरडीसी श्रीपति गिरी, नगर पंचायत अध्यक्ष फूलसुंदरी देवी, मो शमीम फौजी, रामनारायण सिंह रोहिल्ला, चंदन डे, राजेश शर्मा, पवन जैन के अलावा अन्य पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.
