किसान गोष्ठी, बायफ के जोनल प्रभारी ने कहा
सिमडेगा : गव्य विकास विभाग कार्यालय में बाएफ एवं गव्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय किसान गोष्ठी सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उदघाटन बाएफ के जोनल प्रभारी बीके पाठक ने किया. उन्होंने किसानों को अजोला घास के उत्पादन एवं अजोला पशुओं के लिए उपयोगी होने के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया. उन्होंने कहा कि पशुओं के आहार के लिए अजोला उत्तम आहार है. अजोला शैवाल की तरह एक तैरती हुई घास है जो तीन इंच गहरे पानी में उगाई जाती है.
उन्होंने कहा कि अजोला कम खर्च एवं कम समय में उगायी जा सकती है. इसे दुधारू पशुओं को खिलाने से दूध की गणवत्ता एवं उत्पादन में वृद्धि होती है. श्री पाठक ने कहा कि अजोला प्रोटीन, विटामिन, कैल्सियम, फॉसफोरस, पोटेशियम, लोहा, मैग्नीशियम युक्त संतुलित पशु आहार है जो पशुओं को स्वस्थ्य बनाये रखता है. उन्होंने कहा कि अजोला का उत्पादन बेहद आसान है और सस्ता है. उन्होंने किसानों से कहा कि अजोला घास का उत्पादन कर पशु आहार के रूप में प्रयोग करें.
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह, जिला गव्य तकनीकी पदाधिकारी विरेंद्र कुमार, मिथलेश यादव, राजीव चौधरी, प्रेम प्रजापति, अब्दुल नासिर अंसारी, धर्मेद्र कुमार, मुन्ना सिंह, कयूम अंसारी, त्रिवेणी सहाय के अलावा लगभग 50 किसान उपस्थित थे.
