सस्ते एसी लेने के चक्कर में 65 हजार की ठगी

सदर थाना में लिखित आवेदन देकर की कार्रवाई की मांग

गुमला. जिले में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. घटना सदर थाना के खड़ियापाड़ा निवासी मो तस्लीम के परिवार के साथ हुई, जहां सुनियोजित तरीके से ऑनलाइन पेमेंट के जरिये 65 हजार रुपये की ठगी कर ली गयी. जानकारी के अनुसार, तस्लीम के बड़े भाई जसीम को मोबाइल नंबर 6267717764 से कॉल आया. कॉल करने वाले ने अपना नाम किशोर बताया और खुद को एक इंडस्ट्रियल कंपनी का कर्मचारी बताया. उसने दावा किया कि उनकी कंपनी के लिए मंगाये गये गोदरेज कंपनी की एसी गलती से दूसरे लग गयी हैं, जबकि पांच एसी गुमला के पालकोट रोड स्थित एक दुकान में रखे हुए हैं. अभियुक्त ने 35 हजार कीमत वाले एसी को महज 13 हजार रुपये प्रति पीस में देने का झांसा दिया और विश्वास दिलाने के लिए एक बिल भी भेजा. सस्ते सौदे के लालच में आकर जसीम ने अपने छोटे भाई तस्लीम को दुकान भेजा, जहां उसने मैनेजर कौशल से बातचीत की. बताया जाता है कि तस्लीम ने मैनेजर को पूरी डीलिंग की जानकारी दी. इस पर मैनेजर ने कथित रूप से कहा कि ठीक है. पांच एसी रखा हुआ है, कहेंगे तो दे देंगे. इसके बाद तस्लीम ऑटो लेकर पहुंचा और कुछ देर में मैनेजर द्वारा पांचों एसी ऑटो में लोड करवा दिया गया. लोडिंग के बाद तस्लीम ने अपने बड़े भाई को भुगतान करने को कहा. इसके बाद जसीम ने किशोर द्वारा भेजे गये स्कैनर पर चार किस्तों में 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये. लेकिन जैसे ही पेमेंट की जानकारी दी गयी. मामला पलट गया. मैनेजर ने कहा कि सामने वाला फोन नहीं उठा रहा है. जब जसीम ने कॉल किया, तो अभियुक्त का मोबाइल बंद आने लगा. कुछ देर बाद मैनेजर ने एसी को ऑटो से उतरवा लिया और इसे ठगी का मामला बताया. घटना के बाद पीड़ित परिवार स्तब्ध रह गया. छोटे भाई मो तस्लीम ने सोमवार देर रात साढ़े आठ बजे सदर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >