सिमडेगा : जिला मुख्यालय से बानो का संपर्क कटा
पिछले साल भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था
बानो(सिमडेगा) : कोलेबिरा-मनोहरपुर स्टेट हाइवे स्थित लचरागढ़ देवनदी में बना डायवर्सऩ बह जाने से बानो का जिला मुख्यालय संपर्क कट गया. डायवर्सऩ बह जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विदित हो कि देवनदी पुल दो वर्ष पूर्व क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बाद नये पुल का निर्माण किया जा रहा है. लेकिन पुल निर्माण की गति धीमी होने के कारण बरसात के पहुंचने तक भी पुल का कार्य पूरा नहीं हो सका. केवल पिलर का कार्य पूरा होने के कगार में है.
संवेदक ने पुल निर्माण कार्य पूरा सितंबर माह में संभव होने की बात कर रहे हैं. तब तक लोगों को नदी पार कर बानो व अन्य जगह जाना पड़ेगा. हालांकि बरसात में पुल का निर्माण करना संभव नहीं हैं. ऐसे में बानो व लचरागढ़ के लोगों को इस बरसात में भी परेशानी ङोलनी पड़ेगी. लोगों के आने-जाने के लिए पुल से सटा कर डायवर्सन बनाया गया था. बानो व लचरागढ़ में हल्की बारिश होने से लचरागढ़ देवनदी का डायवर्सन बह गया.
डायवर्सन बह जाने से प्रखंड के लगभग एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं. बानो प्रखंड के अलावा आनंदपुर व मनोहरपुर प्रखंड के लोग प्रभावित होंगे. डायवर्सन बह जाने से देवनदी के दोनों छोर में वाहनों की कतार लग गयी. दो पहिया से चार पहिया वाहन घंटो फंसे रहे. पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों को पैदल भी नदी करना मुश्किल हो गया है.
25 किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी लोगों को : डायवर्सन बह जाने से जहां कोलेबिरा-मनोहरपुर स्टेट हाइवे बंद है. वहीं लचरागढ़ व बानो के लोगों को 25 किमी अधिक दूरी तय करके बानो व लचरागढ़ पहुंचना पड़ेगा. लोगों को लचरागढ़, बरसलोया, कतेुगा व कोनसोदे होते हुए बानो जाना पड़ेगा.अधिक दूरी के साथ पैसे भी अधिक खर्च करने पड़ेंगे. साथ में परेशानी होगी वो अलग से. केतुंगा से कोनसोदे मोड़ तक सड़क की स्थिति काफी खराब हैं.
सड़क मे जगह-जगह गड्ढे हो गये. भारी वाहन चलने से लोगों को काफी परेशानी हो सकती है. राशन व अन्य सामान का भी दाम बढ़ सकता है.
छात्रों को स्कूल आने-जाने में होगी परेशानी : बानो व लचरागढ़ में रोजाना सैंकड़ों बच्चे स्कूल व कॉलेज के पढ़ने के लिए आते-जाते हैं. डायवर्सऩ बह जाने से लगभग 2000 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है.
