जलडेगा(सिमडेगा). सामुदायिक पुलिसिंग योजना के तहत पुलिस ने ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रकार के खेल सामग्री का वितरण किया. लोंबोई स्थित पंचायत सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में खिलाडि़यों के बीच 15 हॉकी स्टिक, 12 जरसी एवं ग्रामीणों के बीच टॉर्च एवं लालटेन का वितरण किया गया. वहीं कोनमेरला स्थित पंचायत सचिवालय में भी खिलाडि़यों के बीच 15 हॉकी स्टिक, 12 जरसी, टॉर्च व लालटेन का वितरण किया गया. सामग्री का वितरण थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने किया.
उन्होंने कहा कि बिना जनता के सहयोग से अपराध पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता है. पुलिस-पब्लिक के बीच समन्वय बना कर ही क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. साथ ही किसी भी आपराधिक मामले की भी जानकारी दें. जानकारी देनेवाले का नाम गुप्त रखा जायेगा. लोंबोई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया शिशिर डांग, पंचायत समिति सदस्य इसरांती टोपनो, कोनमेरला में मुखिया एलिजाबेद कंडूलना, पंचायत समिति सदस्य असरिता देवी आदि उपस्थित थे.
