झारखंड का पहला कैरियर परामर्श सह मार्ग दर्शन केंद्र का उदघाटन किया गया
अतिथियों ने वितान पुस्तक का विमोचन किया
कैरियर परामर्श केंद्र की स्थापना एक अच्छा प्रयास: विधायक
सिमडेगा : शहरी क्षेत्र के नगर पंचायत कार्यालय के निकट जिला प्रशासन द्वारा स्थापित झारखंड का पहला कैरियर परामर्श सह मार्गदर्शन केंद्र का उदघाटन किया गया. केंद्र का उदघाटन विधायक विमला प्रधान व रांची से आये श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार टोप्पो ने शिलापट का अनावरण कर एवं फीता काट कर किया. विधायक विमला प्रधान ने कहा कि कैरियर परामर्श सह मार्गदर्शन केंद्र की स्थापना एक अच्छा प्रयास है. इससे छात्र-छात्रओं को एक अच्छा गाइड लाइन मिलेगा.
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्रओं को इससे पूरा लाभ उठाना चाहिए. केंद्र का संचालन करनेवाले पदाधिकारी भी ईमानदारी पूर्वक काम करते हुए विद्यार्थियों को अच्छा परामर्श दें, ताकि इस केंद्र के उद्देश्य को पूरा किया जा सके. विधायक विमला प्रधान ने कहा कि झारखंड का यह पहला इस प्रकार का केंद्र खुला है, जो सराहनीय कदम है.
श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार टोप्पो ने कहा कि परामर्श केंद्र के खुल जाने से बच्चे लाभान्वित होंगे. परामर्श के बिना आगे बढ़ना थोड़ा मुश्किल होता है. कैरियर से संबंधित मार्गदर्शन मिलने पर सफलता जरूर मिलती है. उन्होंने कहा कि यहां के सभी छात्र-छात्रओं को इस केंद्र का लाभ उठाना चाहिए. उपायुक्त दीप्रवा लकड़ा ने कहा कि कैरियर परामर्श सह मार्गदर्शन केंद्र के अलावा जिले में कई स्थानों पर कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र की भी स्थापना की जा रही है. जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा. कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी गनौरी मोची ने किया. धन्यवाद ज्ञापन बीडीओ बंधन उरांव ने किया.
कार्यक्रम में एसडीओ दिलेश्वर महतो, पीआरडीएफ शशिकांत वर्मा, रीका सलीमा खाखा, सिलवेस्तर टोपनो के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे.
क्या है कैरियर परामर्श सह मार्ग दर्शन केंद्र : कैरियर परामर्श सह मार्गदर्शन केंद्र की स्थापना जिला प्रशासन ने किया है.यह कौशल विकास समिति द्वारा संचालित होगा. केंद्र में आठवीं, दसवीं व इंटर पास छात्र-छात्रओं को कैरियर के बारे में परामर्श दिया जायेगा. केंद्र में पुस्तकालय भी होगा जिसका लाभ विद्यार्थी उठा सकते हैं. पुस्तकालय में कैरियर से संबंधित विभिन्न प्रकार की किताबें उपलब्ध रहेगी. साथ ही नियुक्ति संबंधी फार्म भी उपलब्ध कराये जायेंगे. केंद्र में इंटरनेट की भी व्यवस्था होगी जिसका उपयोग विद्यार्थी कर पायेंगे.
केंद्र में विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन होगा. केंद्र के माध्यम से प्लेसमेंट की सुविधा भी दी जायेगी. केंद्र की देखरेख की जिम्मेवारी स्वयं सेवी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन को दिया गया है.
