वज्रपात की चपेट में आने से 19 मवेशियों की मौत

वज्रपात की चपेट में आने से 19 मवेशियों की मौत

सिमडेगा. सदर प्रखंड की फरसाबेड़ा स्थित टोंगरीटोली में बुधवार की दोपहर आंधी-बारिश के दौरान हुए वज्रपात से 19 मवेशियों की मौत हो गयी. बुधवार को दोपहर तेज आंधी व बारिश हो रही थी. इस दौरान सभी मवेशी एक पेड़ के नीचे खड़े थे. अचानक पेड़ पर वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही 19 मवेशियों की मौत हो गयी. मृत मवेशियों में फरसाबेड़ा टोंगरी टोली निवासी तानिश डुंगडुंग के तीन बैल, प्रेम एक्का के 11 बैल, वीरेंद्र राम के दो बैल, इंद्रो देवी का एक बैल तथा अमरमणि एक्का के दो बैल शामिल हैं. ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान समय खेती-बारी का मौसम है और बैलों की मौत से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. इधर, वज्रपात से मारे गये मवेशियों की घटना को उपायुक्त ने संज्ञान में लिया है. घटना की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी व अंचल अधिकारी सिमडेगा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने कहा कि सभी मृत पशुओं का नियमानुसार जिला पशुपालन पदाधिकारी पोस्टमार्टम करा कर रिपोर्ट दें. साथ ही अंचल अधिकारी, सिमडेगा जांच प्रतिवेदन तैयार कर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ प्रतिवेदन उपलब्ध कराते हुए मुवावजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >