बानो : बानो प्रखंड के हुरदा में आठ साल पूर्व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों में आस जगी थी कि भवन बनने के बाद सुविधाएं भी बढ़ेंगी, किंतु भवन निर्माण कार्य आठ साल से अधूरा पड़ा है और इसी के साथ लोगों के सपने भी अधूरे पड़े हैं.
फिलहाल दो कमरे के जर्जर भवन में स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा रहा है. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को पूर्ण स्वास्थ्य लाभ भी नहीं मिल रहा है. लाखों की लागत से बनने वाला इस भवन का निर्माण कार्य तीन साल के अंदर पूरा करना था, किंतु देखते ही देखते आठ साल गुजर गये, परंतु निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ. 50 शय्या वाले उक्त निर्माणाधीन भवन धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होता जा रहा है.
दो कमरे वाले जर्जर स्वास्थ्य केंद्र भवन में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है. रोगियों के साथ-साथ कर्मियों को भी परेशानी होती है. विशेष रूप से प्रसव कराने आयी महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को 30 किमी दूर ओड़िशा जाना पड़ता है या फिर 40 किमी दूर बानो का चक्कर काटना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि नये भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी. उक्त केंद्र से चार पंचायत के 30 गांव लाभान्वित हो सकते हैं.
