बोर्ड की बैठक का बहिष्कार

सिमडेगा : नगर पंचायत जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया. मालूम हो कि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित वार्ड पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी के अनुचित व्यवहार तथा मनमानी को लेकर डीसी राजीव रंजन से कार्यपालक पदाधिकारी गणौरी मोची को हटाने की मांग की थी. मांग को लेकर डीसी से […]

सिमडेगा : नगर पंचायत जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया. मालूम हो कि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित वार्ड पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी के अनुचित व्यवहार तथा मनमानी को लेकर डीसी राजीव रंजन से कार्यपालक पदाधिकारी गणौरी मोची को हटाने की मांग की थी.

मांग को लेकर डीसी से मिलने गये जनप्रतिनिधियों ने यह भी कहा था कि अगर कार्यपालक पदाधिकारी को नहीं हटाया गया तो वे लोग उनके साथ बोर्ड की बैठक करने में असमर्थ हैं. लगभग एक माह गुजर जाने के बाद भी कार्यपालक पदाधिकारी को नहीं हटाया गया. अध्यक्ष की अनुमति से कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बोर्ड की बैठक बुलायी गयी थी. वार्ड पार्षद अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचे.

अध्यक्ष के कार्यालय में नगर पंचायत के 15 जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. सभी ने एक स्वर से बोर्ड की बैठक का बहिष्कार करने का निर्णयलिया. वार्ड पार्षद अरुण सिंह ने कहा कि मान सम्मान को खोकर वे लोग कार्यपालक पदाधिकारी के साथ बोर्ड की बैठक में शामिल नहीं हो सकते. वार्ड पार्षद सिलबिना लकड़ा ने भी कहा कि अनुचित व्यवहार तथा मनमानी करने वाले कार्यपालक पदाधिकारी को जब तक नहीं हटाया जाता है, तब तक बोर्ड की बैठक का बहिष्कार होगा. सिलबिना ने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे लोग इसके लिये धरना भी देंगे.

मनमानी कर रहे हैं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष : कार्यपालक पदाधिकारी गनौरी मोची ने कहा कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मनमानी कर रहे है. उन्होंने ने कहा कि वे नियम के अनुसार काम करते हैं. बैठक का बहिष्कार करने से विकास कार्य प्रभावित होगा. वे बैठक की बहिष्कार की जानकारी विभागीय सचिव व उपायुक्त को देंगे.

मनमानी की बात गलत : नगर पंचायत अध्यक्ष फुलसुंदरी देवी तथा उपाध्यक्ष संतोष देवी ने कहा कि मनमानी वे लोग नहीं बल्कि कार्यपालक पदाधिकारी कर रहे हैं. बोर्ड की बैठक में सरेआम जनप्रतिनिधियों के साथ अनुचित व्यवहार किया. बोर्ड की बैठक में लिये गये निर्णय से अलग हो कर काम करते हैं. अध्यक्ष ने कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र का विकास चाहती है. विकास के कारण ही वे पुन: जीत कर आयी है. किंतु अपमानित करने वाले पदाधिकारी के साथ वे काम नहीं कर सकती. उपाध्यक्ष ने कहा कि वे ऐसे पदाधिकारी के साथ काम नहीं कर सकती जो जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं कर सकते.

डीसी को ज्ञापन : अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षदों ने डीसी राजीव रंजन को बोर्ड की बहिष्कार की जानकारी ज्ञापन के माध्यम से दी. ज्ञापन में कहा गया है कि कार्यपालक पदाधिकारी के अनुचित तथा मनमानी करने को लेकर उनके साथ काम करने में पूर्व में ही असमर्थता जाहिर करते हुए उन्हें नगर पंचायत से हटाने की मांग की गयी थी. किंतु जनप्रतिनिधियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया.

ज्ञापन नगर विकास भेजा गया: नगर पंचायत जनप्रतिनिधियों द्वारा बोर्ड की बैठक का बहिष्कार किये जाने की जानकारी नगर विकास को भी भेज दिया गया है. नगर विकास को बोर्ड की मांग से भी अवगत करा दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >