सिमडेगा : कोलेबिरा विधानसभा उप चुनाव को लेकर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी बढ़ गयी है. बड़े-बड़े नेताओं का जमावड़ा हो रहा है. प्रचार-प्रसार में तेजी आ आ गयी है. सभी पार्टी के प्रत्याशी व उनके समर्थक पूरी ताकत झोंकने में लग गये हैं. क्षेत्र का तूफानी दौरा जारी है. जनसंपर्क अभियान चला कर वोट मांगे जा रहे हैं. कोलेबिरा विधान सभा क्षेत्र में भोंपू आवाज तेज हो गयी है.
प्रचार वाहन गली-गली घूम रहे हैं. विभिन्न दलों के प्रत्याशी विकास के वायदे भी कर रहे हैं. बाइक रैलियों का भी दौरा जारी है. कोलेबिरा विधानसभा उप चुनाव में पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. प्रचार-प्रसार के लिए सभी पार्टियों को मिला कर कुल 55 प्रचार वाहन की अनुमति प्रशासन से ली गयी है. इसमें सबसे अधिक झारखंड पार्टी के 19 वाहन हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी ने 10, भारतीय जनता पार्टी ने 13, राष्ट्रीय सेंगेल पार्टी नौ एवं निर्दलीय प्रत्याशी ने चार वाहन की अनुमति ली है.
कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्याशी विक्सल कोंगाड़ी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कमर कस चुकी है. पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं का आगमन जारी है. इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शकील अख्तर, बोकारो जिलाध्यक्ष मंजूर अंसारी कोलेबिरा पहुंचे. उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
आलमगीर आलम ने कहा कि पार्टी की जीत निश्चित है. सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन करें तथा आदिवासी-मूलवासी विरोधी राजनीति को परास्त करें. इस मौके पर सुनील खड़िया, शशिभूषण राय, अकील रहमान, शकील अंसारी, वारिश कुरैशी, कालीचरण मुंडा, श्यामलाल प्रसाद, अंसार अहमद, अमृता भगत, रमेश कुमार चीनी, रोस सोरेंग, शहाबुद्दीन व उमर केरकेट्टा सहित अन्य उपस्थित थे. इधर, झारखंड पार्टी की प्रत्याशी मेनोन एक्का ने अपने समर्थकों के साथ ठेठइटांगर प्रखंड के विभिन्न गांव का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चलाया.
इस क्रम में कई गांवों में ग्रामीणों के साथ बैठक भी की. बैठक के दौरान मेनोन एक्का ने कहा कि कुछ पार्टियों को स्थानीय नेता तक नहीं मिल रहे हैं, इसलिए वह रांची व अन्य प्रदेशों से नेताओं को बुला कर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. कल तक आदिवासियों को भला-बुरा कहने वाले लोग भी आज आदिवासियों की हिमायती बनने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड पार्टी कभी झूठा आश्वासन नहीं देती. जो कहती है, वह कर के दिखाती है. उन्होंने ग्रामीणों से झारखंड पार्टी को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया. भारतीय जनता पार्टी द्वारा जलडेगा में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया. प्रत्याशी बसंत सोरेंग, जिलाध्यक्ष संजय ठाकुर एवं खिजरी विधायक राम कुमार पाहन ने संयुक्त रूप से कार्यालय का उद्घाटन किया. राम कुमार पहान ने कहा कि भाजपा ही क्षेत्र का विकास कर सकती है.
केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई लाभकारी योजनाएं चलायी जा रही है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है. भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ती है. जनता जानती है कि कौन पार्टी विकास करती है. उन्होंने कहा कि कोलेबिरा उप चुनाव में एक ईमानदार एवं समर्पित युवक बसंत सोरेंग को चुनाव में उतारा गया है.
अपना कीमती मत देकर उन्हें विजय बनाने का काम करें. मौके पर मुख्य रूप से एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अनु लकड़ा, एसटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाइक,ओमप्रकाश साहू, अजीत टोपनो, पशुपति नाथ पारस, कृष्णा राय कोटवार, मोतीलाल ओहदार, प्रेमचंद मांझी, हेमशरण सिंह, सुजान मुंडा, संजय सिंह व नवीन सिंह के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे.
राष्ट्रीय सेंगेल पार्टी के प्रत्याशी अनिल कंडुलना ने अपने समर्थकों के साथ जलडेगा प्रखंड के बनजोगा, केतुंगा, ओड़गा, रामजड़ी, पैतानो, बाड़िबृंगा एवं बांसजोर प्रखंड के विभिन्न गांव का दौरा किया. इस क्रम में उन्होंने लोगों से समर्थन मांगा. कहा कि क्षेत्र के विकास का मौका दें. आपकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगा. दौरे के क्रम में उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक भी की.
बैठक में उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों की बहकावे में नहीं आयें. राष्ट्रीय सेंगेल पार्टी आदिवासियों के जल, जंगल , जमीन की रक्षा के लिए बनायी गयी है. इसी उद्देश्य से चुनाव में उतरा हूं, ताकि आदिवासियों को उनका अधिकार दिलाया जा सके. इस मौके पर सेंगेल पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
