रामनवमी की तैयारी जोरों पर, झंडों से पटा क्षेत्र
सिमडेगा : रामनवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर है. रामनवमी प्रबंधन समिति द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गयी है. शहरी क्षेत्र के मुख्य पथ को बजरंगी पताकों से पाट दिया गया है. सभी अखाड़े के लोग भी तैयारी में जुट गये हैं. ढोल ताशे की आवाज सुनाई पड़ने लगी है. आठ अप्रैल को रामनवमी की शोभा यात्रा निकाली जायेगी.
इससे पूर्व छह अप्रैल व सात अप्रैल को विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी. छह अप्रैल को शो गेम व गोहार गेम प्रतियोगिता एवं सात अप्रैल को झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. प्रतियोगिता की तैयारी सभी अखाड़ों के लोगों ने शुरू कर दी गयी. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जायेगा.
आठ अप्रैल को शोभा यात्रा की शुरूआत महावीर चौक से अपराह्न् चार बजे किया जायेगा. शोभा यात्रा में शामिल लोग विभिन्न मार्गो से होते हुए पुन: महावीर चौक पहुंचेंगे. यहां पर पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा. समारोह में सफल प्रतिभागियों को रामनवमी प्रबंधन समिति द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा.
इधर रामनवमी को लेकर विभिन्न स्थलों पर बजरंगी झंडे एवं ढोल ताशे की बिक्री जम कर हो रही है. शहरी क्षेत्र के अलावा दूर-दराज गांव के लोग भी झंडे व ढोल ताशे की खरीदारी कर रहे हैं. बजरंगी झंडे 30 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक बेचे जा रहे हैं.
