सरायकेला-खरसावां जिले की जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुकड़ू प्रखंड की ग्राम पंचायत ओड़िया और तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित पंचायत सचिवालय भवन, सोलर जलमीनार सहित अन्य योजनाओं की स्थिति देखी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
30 साल पुरानी मांग पूरी, पंचायत सचिवालय भवन तैयार
ग्राम पंचायत ओड़िया में करीब 30 वर्षों से पंचायत सचिवालय भवन की मांग लंबित थी. जिला परिषद सरायकेला-खरसावां की मंजूरी से वर्ष 2025 में पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण पूरा हुआ है.
पंचायत भवन नहीं होने के कारण मुखिया और पंचायत कर्मियों को सरकारी रिकॉर्ड रखने और लोगों की सेवा करने में परेशानी होती थी. नए भवन के शुरू होने से पंचायत का कामकाज अब बेहतर तरीके से चल सकेगा.
23 सोलर जलमीनार से गांवों में पहुंचेगा पानी
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि गांव में पानी की समस्या दूर करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सरायकेला के सहयोग से धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना के तहत 23 डीप बोरिंग सह सोलर पैनल वाली जलमीनार लगायी गयी हैं. इससे ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल मिल रहा है.
इसके बाद उन्होंने तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से सड़क समेत अन्य समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया. सपादा गांव में जिला परिषद की मंजूरी से नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए नींव खोदने का काम भी शुरू हो गया है.
मधुश्री महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुकड़ू प्रखंड के विकास के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, गोदाम भवन, आधुनिक बस स्टैंड, पंचायत भवन, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग, नाली, पीसीसी सड़क और तालाबों के सुधार जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी गयी है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है.
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित अन्य लोग मौजूद थे.
