ड्राइवर के लिए काल बना डैम का पानी, 18 घंटे बाद झाड़ियों से शव बरामद

राजनगर में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बहे एक युवक का शव करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया है.

राजनगर: राजनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बहे एक युवक का शव करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहा था युवक

मृतक की पहचान करीब 28 वर्षीय प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रद्युम्न स्कूली बच्चों को वाहन से सुरक्षित उनके घर पहुंचाने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में वह राजनगर थाना क्षेत्र के रांजड़ और छोटाकांकी गांव के समीप स्थित पुराने डैम के पास रुका और वहां नहाने चला गया. उस समय डैम का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी बेहद तेज था.

तेज धार ने बिगाड़ा संतुलन

घटनास्थल पर लोगों की भीड़

नहाने के दौरान प्रद्युम्न अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया, जिससे उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह पानी में बहने लगा. गनीमत यह रही कि उसके साथ दो अन्य लोग भी नहा रहे थे, जो किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे और तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए. लेकिन प्रद्युम्न तेज धार और बढ़े जलस्तर के बीच खुद को नहीं बचा सका और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गया.

बुधवार सुबह झाड़ियों में फंसा मिला शव

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत हरकत में आ गए और डैम तथा आसपास के नदी क्षेत्र में युवक की खोजबीन शुरू कर दी. देर शाम तक कोई सुराग न मिलने पर भी ग्रामीण हौसला नहीं हारे और पूरी रात टार्च की रोशनी में उसकी तलाश करते रहे. आखिरकार बुधवार सुबह करीब आठ बजे डैम के ऊपरी हिस्से में झाड़ियों के बीच युवक का शव फंसा हुआ दिखाई दिया. शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी.

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

ग्रामीणों से सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. डैम के पास शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे दहाड़ मारकर रोने लगे. परिजनों के विलाप से वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गयीं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस अचानक हुए हादसे से रांजड़ और छोटाकांकी समेत पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Surendra mardi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >