Seraikela News : पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण चापाकल पर लगी लंबी कतार

पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण चापाकल पर लगी लंबी कतार

खरसावां.

सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग स्थित सिमला गांव के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं. करीब 180 परिवार वाले इस गांव में पिछले दो माह से हर दिन पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है. गांव के एक चापाकल में पानी भरने के लिए महिलाओं की भीड़ रोजाना सुबह देखी जा सकती है. ग्रामीणों ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से गांव में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. महिलाओं ने बताया कि सिमला गांव में करीब दो साल पहले तीन सोलर संचालित जलमीनार लगायी गयी थी. करीब एक साल तक घरों तक नियमित रूप से नल से जल पहुंचा. इसके बाद तीन में से दो सोलर संचालित जलमीनार में तकनीकी खराबी आ गयी. इस दौरान पिछले दिनों आयी तेज आंधी के कारण दो जलापूर्ति योजनाओं की जलमीनार के ऊपर लगाये गये सोलर प्लेट उड़ गये. इसके बाद जलापूर्ति ठप हो गयी है. जबकि तीसरी जलापूर्ति योजना के प्लास्टिक की टंकी में छेद होने के कारण पानी का भंडारण नहीं हो पा रहा है. सोलर संचालित जलमीनार से घरेलू जलापूर्ति नहीं हो पा रही है.

चापाकल व कुआं से बुझ रही ग्रामीणों की प्यास:

सोलर संचालित जलापूर्ति योजनाओं से घरेलू जलापूर्ति ठप होने के बाद अब ग्रामीणों की प्यास दो चापाकल व कुआं से बुझ रही है. महिलाओं को चापाकल में पानी भरने के लिए हर दिन लाइल लगानी पड़ती है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पूर्व में गाडे गये चार में से दो चापाकल खराब पड़े हैं. सिमला गांव में दो तालाब हैं. तालाब में भी काफी कम पानी बचा है. इन दो तालाबों में ग्रामीण नहाने के साथ कपड़ों की धुलाई करने व मवेशियों को पानी पिलाने का कार्य करते हैं.

ग्रामीणों ने की पेयजल समस्या के समाधान की मांग:

सिमला के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की है. सिमला गांव के ग्राम प्रधान प्रवीर सिंहदेव समेत गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से खराब पड़ी सोलर संचालित जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों के अनुसार खराब पड़ी सोलर संचालित जलमीनार की मरम्मत कर घरों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचने से लोगों की समस्या का समाधान हो जायेगा. सिमला गांव के केतन कैवर्त, गुरुचरण माहली, वीर सिंह जोंको, गांधी महतो, संतोष कैवर्त, विनय महतो, संतोष पुथाल, भीम महतो, उर्द्धव महतो, शकुंतला नायक, ने जलमीनार की मरम्मत की मांग की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >