सरायकेला खरसावां से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Saraikela Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में दक्षिण पूर्व रेलवे के सिनी और कोलेबिरा के पास दो अलग-अलग ट्रेन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटनाओं से इलाके में शोक की लहर है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
कोलेबिरा में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, लोकेशन ट्रेस कर ट्रैक से मिला शव
मृतक की पहचान देवघर जिला के जसीडीह निवासी सोनू कुमार 27 वर्ष के रूप में हुई है. वहीं सिनी के पास हुई घटना में कमलपुर निवासी परवेज 48 वर्ष के रूप में पहचान हुई है. कोलेबिरा के पास हुई घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक अहमदाबाद गुजरात में काम करता था और घर जाने के लिए जमशेदपुर ट्रेन से आ रहा था. जहां वह 17 अप्रेल को सुबह सात बजे जसीडीह जाने वाली ट्रेन से वापस घर को जाता, लेकिन कोलेबिरा के पास वह ट्रेन से गिर गया. घर नहीं पहुंचने पर जमशेदपुर के परसुडीह में रहने वाले जीजा जी ने खोज शुरू की और फोन का लास्ट लोकेशन कोलेबिरा के आसपास दिखा तो परिजन खोजने लगे जहां ट्रेक पर शव पड़ा मिला. फिर पुलिस ने शव को बरामद किया है.
शव की पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव को देखने से प्रतीत हो रहा है कि ट्रेन से गिर कर उसकी मौत हो गई है. पॉकेट से मिले पहचान के आधार पर पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दे दिया है. वहीं परिजनों के आने का पुलिस इंतजार कर रही है.
सिनी में रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत
दूसरी घटना सिनी स्टेशन के सामने हुई है जिसमे कमलपुर निवासी परवेज 48 वर्ष की ट्रेन से कट कर मौत हो गई है. घटना में बताया जा रहा है कि मृतक ट्रैक पैदल पार कर रहा था तभी किसी ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे घटना स्थल पर उसकी मौत हो गई है. घटना की सूचना पर सरायकेला थाना की पुलिस पहुंचकर दोनों शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले आई है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: नोवामुंडी में बंगाली समुदाय ने धूमधाम से मनाया पोइला वैशाख, परंपरा और संस्कृति की दिखी झलक
इसे भी पढ़ें: कमला नेहरू कॉलेज में ‘प्रभात खबर’ का नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया आजीवन नशा न करने का संकल्प
