Saraikela: सवारी से भरी तूफान बस और ईंट लदे ट्रक में जोरदार टक्कर, कई यात्री घायल

Saraikela: सरायकेला में सड़क हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. सवारियों से भरी तूफान बस की ईंट लदे ट्रक से टक्कर में कई लोग घायल हो गए. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Saraikela (चांडिल): ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सिल्ली-रांगामाटी सड़क मार्ग स्थित तुता मोड़ के समीप गुरुवार को सवारी से भरी तूफान बस और ईंट लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में बस और ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. टक्कर के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए. घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अचानक हुई टक्कर से कई यात्री हल्के रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.

जेसीबी से वाहनों को हटाया गया

दुर्घटना के कारण सड़क के बीचों-बीच दोनों वाहन फंस गए, जिससे सड़क के दोनों ओर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही ईचागढ़ पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है.

बस में रखे सामानों की चोरी

जानकारी के अनुसार तूफान बस टाटा से तिरुलडीह चौड़ा की ओर जा रही थी, जबकि ईंट लदा ट्रक रामगढ़ से रांगामाटी की ओर आ रहा था. इसी दौरान तुता मोड़ के पास दोनों वाहनों में टक्कर हो गई. घटना के बाद यह भी बताया जा रहा है कि बस में रखे कुछ सामानों को अज्ञात लोगों द्वारा गायब कर दिया गया है. मामले को लेकर ईचागढ़ पुलिस छानबीन में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें…

विद्यार्थी अपने लक्ष्य से न भटकें, अपनी शिक्षा से गांव को शिक्षित बनायें : अर्जुन मुंडा

सरायकेला मॉडल कॉलेज का प्रथम उपाधि समारोह संपन्न, 50 छात्र-छात्राओं को मिली डिग्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >