चांडिल : चांडिल रेलवे स्टेशन से सटे पितकी रेलवे फाटक के पास देर रात खाली ट्रक में अचानक आग लग गयी. हादसे में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया. हालांकि चालक की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई.
चलते ट्रक में अचानक भड़की लपटें
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब तीन बजे एक खाली ट्रक जमशेदपुर से पुरुलिया की ओर जा रहा था. जैसे ही ट्रक पितकी रेलवे फाटक के समीप पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गयी. आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को मुख्य मार्ग से हटाकर सड़क किनारे नीचे उतार दिया. इसके बाद चालक ने फौरन कूदकर अपनी जान बचायी.
देखते ही देखते खाक हुआ ट्रक
चालक के अनुसार, वाहन को किनारे करने का मुख्य उद्देश्य यह था कि सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहन या राहगीर आग की जद में न आएं. देर रात का वक्त होने के कारण मौके पर आग बुझाने के तत्काल साधन उपलब्ध नहीं हो सके. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा.
जांच में जुटी पुलिस
घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते ट्रक को किनारे नहीं लगाता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी. ट्रक में आग किस वजह से लगी, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
