कचरा उठाव वाहनों की जीपीएस से होगी ट्रैकिंग, जानें डीसी ने क्या कहा

सरायकेला डीसी ने नगर निकायों की समीक्षा बैठक में कचरा वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला में नियमित कचरा उठाव के लिए डीसी ने निर्देश दिए हैं. डीसी ने निर्देश दिया कि कचरा उठाव वाहनों की जीपीएस से ट्रैकिंग होगी. वाहन अपने स्थान पर खड़े पाए जाते हैं तो एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी. दरअसल, डीसी नितेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर, नगर परिषद कपाली एवं नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा बैठक हुई. इसमें पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के साथ पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव, डंपिंग, साफ-सफाई, नाली, सड़क निर्माण, अवैध पार्किंग सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में डीसी ने आदित्यपुर क्षेत्र में पेयजलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करते हुए सभी घरों को नल-जल योजना से जोड़ने और नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई व विभाग एवं कार्यदायी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया.

खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने के दिए निर्देश

कचरा उठाव की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी 32 कचरा वाहनों को नियमित रूप से क्षेत्र में संचालित करने का निर्देश दिया. खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने व सभी वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से निर्धारित रूट पर संचालन सुनिश्चित करने को कहा. लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए

अवैध पार्किंग करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

बैठक में गेल गैस एवं जुडको की पाइपलाइन से संबंधित समस्याओं की भी जानकारी ली. उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा. बैठक में डीसी ने अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के लिए औचक निरीक्षण और नियमित निगरानी का निर्देश दिए. यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की भी समीक्षा की गई. पात्र लाभुकों को लाभ दिलाने तथा लंबित आवास व ऋण संबंधी मामलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा - नगर निकाय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने पेयजल, विद्युत, सफाई, जल निकासी, सड़क एवं पार्किंग व्यवस्था की नियमित निगरानी कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >